चित्रकूट। जिला चिकित्सालय सोनपुर/चित्रकूट कर्वी में चिकित्सक डॉ. कार्तिकेय सिंह और व्यापारी एवं भाजपा नेता शानू गुप्ता के बीच हुए विवाद के मामले में जांच के बाद कार्रवाई की गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चित्रकूट की ओर से जारी आदेश के अनुसार डॉ. कार्तिकेय सिंह को जिला चिकित्सालय और आकस्मिक चिकित्सा सेवा से हटा दिया गया है।
जारी आदेश के मुताबिक, मामले की जांच के लिए संयुक्त जांच समिति गठित की गई थी। समिति की जांच में चिकित्सक द्वारा कथित तौर पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल के संबंध में कार्रवाई की संस्तुति की गई।
इसके बाद जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला स्वास्थ्य समिति के अनुमोदन से डॉ. कार्तिकेय सिंह को कठोर चेतावनी दी गई और भविष्य में चिकित्सकीय मर्यादा के अनुरूप आचरण करने के निर्देश दिए गए।आदेश के अनुसार, डॉ. कार्तिकेय सिंह को संयुक्त जिला चिकित्सालय से हटाकर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कर्वी में टेली-कंसल्टेशन सेवा में तैनात किया गया है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में इस तरह की गलती दोबारा पाए जाने पर उनके खिलाफ और कठोर कार्रवाई की जा सकती है।
शानू गुप्ता ने जताया आभारमामले में कार्रवाई के बाद भाजपा नेता एवं व्यापारी शानू गुप्ता ने जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जांच समिति, मीडिया कर्मियों और अपने समर्थकों के प्रति आभार जताया।शानू गुप्ता ने कहा कि चिकित्सकों के लिए मरीजों और आम लोगों के साथ शालीन एवं मर्यादित व्यवहार बेहद जरूरी है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों और कर्मचारियों का मनोबल मजबूत होगा तथा गरीब और आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलती रहेंगी।उन्होंने सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध कराई जा रही आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का भी उल्लेख किया।
उनके मुताबिक सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे सहित विभिन्न जांच सुविधाओं और दवाओं की उपलब्धता को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।शानू गुप्ता ने मामले को उठाने वाले मीडिया कर्मियों और अपने समर्थकों का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आगे भी सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार और सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
