Russia Condemns Targeted Killing in Iran
मास्को: ईरान में वरिष्ठ नेता अली लारीजानी की मौत के बाद रूस ने अमेरिका और इजरायल के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। क्रेमलिन ने इस घटना को “कायराना हत्या” बताते हुए तीखी निंदा की है।
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि किसी भी संप्रभु देश के नेताओं को निशाना बनाना पूरी तरह अस्वीकार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रूस ऐसी किसी भी कार्रवाई की निंदा करता है, जिसका उद्देश्य किसी देश के नेतृत्व को नुकसान पहुंचाना या खत्म करना हो।
पेस्कोव ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानून और मानवीय मूल्यों का उल्लंघन बताते हुए तुरंत संघर्ष रोकने और बातचीत शुरू करने की अपील की।
बताया जा रहा है कि तेहरान में हुए एक एयरस्ट्राइक में अली लारीजानी की मौत हुई, जिसमें उनके बेटे और सुरक्षाकर्मी भी मारे गए। लारीजानी ईरान की राजनीति और सुरक्षा व्यवस्था के प्रमुख चेहरों में से एक थे और परमाणु वार्ताओं में भी उनकी अहम भूमिका रही थी।
इससे पहले इजरायल की ओर से लारीजानी को निशाना बनाए जाने का दावा किया गया था, जिसकी बाद में ईरान ने पुष्टि की। इस हमले में बसिज कमांडर भी मारे गए थे।
लारीजानी की मौत को ईरान के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। वहीं, ईरान के नेतृत्व ने इस घटना का बदला लेने की चेतावनी दी है, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका है।
