अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की 6 जुलाई को होने वाली अहम बैठक के स्थान में अंतिम समय में बदलाव किया गया है। पहले यह बैठक मणिराम दास छावनी में प्रस्तावित थी, लेकिन अब इसे राम जन्मभूमि परिसर स्थित गेस्ट हाउस में आयोजित किया जाएगा।
ट्रस्ट के विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि सभी ट्रस्ट सदस्यों से निर्धारित समय पर सीधे राम जन्मभूमि परिसर के गेस्ट हाउस पहुंचने का अनुरोध किया गया है।
बताया जा रहा है कि बैठक का स्थान बदलने के पीछे सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना तथा बैठक को सीमित दायरे में आयोजित करना प्रमुख कारण हैं। बैठक के दौरान मीडिया की पहुंच भी सीमित रखी गई है।
राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि महाराज भी बैठक में शामिल होने के लिए अयोध्या पहुंच चुके हैं। वहीं ट्रस्ट के विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव पहले से ही वैदेही भवन में मौजूद थे।
गोपाल राव ने बताया कि दोपहर 3 बजे होने वाली इस बैठक की अध्यक्षता श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास करेंगे। बैठक में मंदिर निर्माण और ट्रस्ट से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक एवं विकास कार्यों पर चर्चा होने की संभावना है।
लाइफलाइन: कुछ मीडिया रिपोर्टों में वर्ष 2027 के चुनाव को लेकर चर्चा होने की बात कही जा रही है, लेकिन ट्रस्ट की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
