नई दिल्ली: लोकसभा में एंटी-पेपर लीक विधेयक पर चर्चा के दौरान उस समय जोरदार हंगामा देखने को मिला, जब विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपने संबोधन के दौरान ‘इडियट’ शब्द का इस्तेमाल किया। राहुल गांधी की इस टिप्पणी पर सत्ता पक्ष के सांसदों ने कड़ी आपत्ति जताई और उनके बयान को सदन की कार्यवाही से हटाने की मांग की।
अपने भाषण में राहुल गांधी ने हाल के छात्र प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कहा कि देश के युवाओं ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी भावनाओं को व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “इस देश के भविष्य ने हमारी सड़कों पर जो किया, उसे देखकर मैं बहुत उत्साहित और आश्वस्त महसूस कर रहा हूं। यह गुस्सा, हिंसा या नफरत नहीं थी, बल्कि इस देश के युवाओं और आने वाली पीढ़ी की गहरी भावना का इजहार था।”
इसी दौरान राहुल गांधी ने ‘इडियट’ शब्द का इस्तेमाल किया, जिस पर सत्ता पक्ष के सांसदों ने तीखी आपत्ति दर्ज कराई। सदन में शोर-शराबा शुरू हो गया और कई सांसदों ने इस टिप्पणी को असंसदीय बताते हुए इसे लोकसभा की कार्यवाही से हटाने की मांग की।
हंगामे के बीच कुछ समय के लिए सदन का माहौल गरमा गया। मामले पर लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष सत्ता पक्ष ने औपचारिक आपत्ति भी दर्ज कराई। हालांकि, इस पर अंतिम निर्णय अध्यक्ष द्वारा लिया जाएगा कि संबंधित टिप्पणी को कार्यवाही का हिस्सा रखा जाए या हटाया जाए।
एंटी-पेपर लीक विधेयक पर चर्चा के बीच यह विवाद सदन की कार्यवाही का प्रमुख मुद्दा बन गया।
