प्रतापगढ़। आधुनिक तकनीक और CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की मदद से प्रतापगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 376 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत 67.68 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस लाइन स्थित साईं कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मोबाइल उनके असली स्वामियों को लौटाए गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताई और पुलिस की तकनीक आधारित पहल की सराहना की।
बरामद मोबाइलों में Vivo के 80, Realme के 46, Oppo के 42, Samsung के 36, Redmi के 30, Tecno और Poco के 15-15, Motorola के 13, OnePlus के 12, Infinix के 9, iQOO के 6, Nothing के 3, Google Pixel और Itel का एक-एक तथा अन्य कंपनियों के 58 मोबाइल फोन शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, CEIR पोर्टल और तकनीकी निगरानी की मदद से मोबाइल बरामदगी में लगातार सुधार हुआ है। आंकड़ों के मुताबिक, जून महीने में मोबाइल रिकवरी में 65.03 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी, जबकि जुलाई में यह बढ़कर 87.9 प्रतिशत तक पहुंच गई।
प्रतापगढ़ पुलिस का कहना है कि गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए तकनीक का प्रभावी उपयोग आगे भी जारी रहेगा, ताकि लोगों को जल्द से जल्द उनका सामान वापस मिल सके।
