अमरोहा। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए अमरोहा पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने हरिद्वार जल लेने जा रहे बाइक सवार कांवड़ियों को स्वयं हेलमेट पहनाकर सुरक्षित यात्रा का संदेश दिया।
इस अवसर पर एसपी ने श्रद्धालुओं से हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, तेज रफ्तार से वाहन न चलाने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने और स्टंटबाजी से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि सावधानी और यातायात नियमों का पालन करने से दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
एसपी लखन सिंह यादव ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भी निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की हर संभव सहायता करें तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष ध्यान दें।
अमरोहा पुलिस के अनुसार, कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलेभर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
