जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन में बुधवार सुबह से हो रही लगातार बारिश के कारण नगर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। लौना रोड, रापटगंज, नया खंडेराव समेत कई मोहल्लों की सड़कें और गलियां पानी में डूब गईं, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया।
कई स्थानों पर करीब दो फीट तक पानी भर जाने से राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी लौना रोड क्षेत्र में देखी गई, जहां लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।
लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जल निकासी की व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है और स्थायी समाधान की आवश्यकता है।
मौसम विभाग के अनुसार जालौन में अभी बारिश की संभावना बनी हुई है। यदि वर्षा का सिलसिला जारी रहता है तो शहर के अन्य इलाकों में भी जलभराव की समस्या और गंभीर हो सकती है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका से जल निकासी की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने तथा भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए स्थायी उपाय करने की मांग की है।
