Plaster Falls from Roof of Crores-Worth School Building, Panic Among Students
करोड़ों की लागत से बने एक सरकारी स्कूल भवन की छत का प्लास्टर गिरने से स्कूल में दहशत फैल गई है। घटना के बाद छात्र और स्कूल प्रबंधन सहमे हुए हैं और भवन निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।
मामला पिपरा प्रखंड के महेशपुर स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का है, जहां बीते दिन नव निर्मित स्कूल भवन के छत का प्लास्टर प्रिंसिपल के कमरे में अचानक गिर गया। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन में भय का माहौल है।
गनीमत रही कि यह हादसा स्कूल संचालन के दौरान नहीं हुआ, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी के अनुसार, करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से बने इस भवन को दिसंबर माह में ही हैंडओवर किया गया था और पिछले तीन महीनों से यहां कक्षाएं संचालित हो रही हैं।
स्कूल के प्रभारी हेडमास्टर धर्म नारायण शाह ने भवन निर्माण में गंभीर खामियों का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि भवन की फिनिशिंग बेहद खराब है, छत पर कई जगह सरिया दिखाई दे रहा है, बारिश के दौरान पानी का रिसाव होता है और दीवारों, सीढ़ियों, बाथरूम तथा दरवाजों-खिड़कियों की गुणवत्ता भी बेहद खराब है।
उन्होंने आशंका जताई कि जब तीन महीने में ही भवन की यह स्थिति है तो भविष्य में यह और भी खतरनाक हो सकता है।
वहीं, इस मामले पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मणिकांत कुमार ने कहा कि घटना की जानकारी मिल चुकी है और उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने जल्द सुधार कराने का आश्वासन दिया है।
इस घटना ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्कूल में सैकड़ों बच्चे पढ़ते हैं और ऐसे में किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय लोगों और स्कूल प्रबंधन ने मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
