Pakistan Tests Fateh-II Missile, 400 km Range Brings Several Indian Cities Within Reach
पाकिस्तान ने अपनी स्वदेशी रूप से विकसित Fateh-II missile का सफल परीक्षण करने का दावा किया है। यह जानकारी पाकिस्तान सेना के मीडिया विंग Inter-Services Public Relations (ISPR) द्वारा दी गई है।
बताया गया कि इस परीक्षण को आर्मी रॉकेट फोर्स ने अंजाम दिया, हालांकि इसकी सटीक लोकेशन और समय का खुलासा नहीं किया गया है। ISPR के अनुसार, यह परीक्षण नियमित प्रशिक्षण अभ्यास का हिस्सा था, जिसका उद्देश्य सैन्य तैयारियों को मजबूत करना और नई तकनीकों का मूल्यांकन करना था।
फतेह-II एक आधुनिक गाइडेड मल्टी-लॉन्च रॉकेट सिस्टम है, जिसकी मारक क्षमता लगभग 400 किलोमीटर तक बताई जा रही है। यह सिस्टम उन्नत एवियोनिक्स और आधुनिक नेविगेशन तकनीक से लैस है, जिससे इसकी सटीकता और प्रभावशीलता बढ़ती है।
इस रेंज के कारण भारत के कई प्रमुख शहर इसकी जद में आ जाते हैं। इनमें जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और गुजरात के सीमावर्ती इलाके शामिल हैं। अमृतसर, पठानकोट, जैसलमेर और जम्मू जैसे शहर पहले से ही सीमा के करीब होने के कारण इसकी रेंज में आते हैं। वहीं नई दिल्ली, जयपुर, अहमदाबाद और शिमला जैसे शहर भी 400 किलोमीटर के दायरे में बताए जा रहे हैं।
ISPR ने कहा कि इस परीक्षण के दौरान सैनिकों का प्रशिक्षण, तकनीकी मानकों का सत्यापन और विभिन्न उप-प्रणालियों का परीक्षण किया गया। इन सभी पहलुओं का सफल क्रियान्वयन पाकिस्तान के मिसाइल कार्यक्रम में निरंतर प्रगति को दर्शाता है।
हालांकि, इस परीक्षण को लेकर क्षेत्रीय सुरक्षा और रणनीतिक संतुलन पर भी चर्चा तेज हो गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के परीक्षण दक्षिण एशिया में सामरिक समीकरणों को प्रभावित कर सकते हैं।
