Murder Over ₹700: Friend Kills Youth With Stone, Caught Using 300 CCTV Footages
महाराष्ट्र के Kalyan के पास खडवली इलाके में मिले एक युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। यह मामला उस समय सनसनी बन गया था, जब तीन दिन पहले खडवली नदी किनारे एक युवक का खून से लथपथ शव बरामद हुआ था। अब जांच में सामने आया है कि हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके ही करीबी दोस्त ने की थी—वह भी महज 700 रुपये के विवाद में।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजेश के रूप में हुई, जो कैटरिंग का काम करता था। वहीं आरोपी की पहचान योगेश कदम के रूप में हुई है, जो उसका दोस्त और सहकर्मी था। घटना वाले दिन दोनों साथ में खडवली नदी के पास घूमने और मौज-मस्ती के लिए पहुंचे थे, जहां उन्होंने साथ में पार्टी भी की।
इसी दौरान आरोपी योगेश को शक हुआ कि उसके 700 रुपये राजेश ने चुरा लिए हैं। इस मामूली रकम को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर योगेश ने पास पड़ा भारी पत्थर उठाकर राजेश के सिर पर कई वार कर दिए। हमले की गंभीरता इतनी ज्यादा थी कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
शुरुआत में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना थी। Titwala Police Station के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मुकेश ढगे और उनकी टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल से खडवली रेलवे स्टेशन तक सुराग मिला, जिससे आरोपी की गतिविधियों का अंदाजा लगाया गया।
इसके बाद पुलिस ने करीब 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इस जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान हुई, जो घटना के बाद आरोपी के संपर्क में आया था। इसी कड़ी को जोड़ते हुए पुलिस ने आरोपी और मृतक दोनों की पहचान स्पष्ट कर ली।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी योगेश कदम पहले से आपराधिक प्रवृत्ति का रहा है। वह मुंबई के एन.एम. जोशी मार्ग क्षेत्र में मोबाइल चोरी के एक मामले में वांछित था और उसके खिलाफ पहले भी हत्या का केस दर्ज होने की जानकारी मिली है।
लगातार प्रयासों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया कि मामूली विवाद भी किस तरह खतरनाक अंजाम तक पहुंच सकता है।
