सिद्धार्थनगर, उत्तर प्रदेश। शिक्षक दिवस के अवसर पर सिद्धार्थनगर जिले के बढ़नी स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर को नई सौगात मिली। शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने विधायक निधि से लगभग 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन भवन का फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर लोकार्पण किया।
लोकार्पण समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक विनय वर्मा ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय को यह नया भवन समर्पित करना उनके लिए गर्व की बात है। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और विद्यालय की शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों को भी विस्तार मिलेगा।
विधायक ने यह भी कहा कि क्षेत्र की जनता से किए गए विकास संबंधी वादों को पूरा करने के लिए वे लगातार कार्य कर रहे हैं और भविष्य में भी विकास कार्यों की रफ्तार जारी रहेगी। उन्होंने जनता के विश्वास और सहयोग को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताते हुए क्षेत्र के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में शिशु शिक्षा समिति गोरक्ष प्रांत के संभाग निरीक्षक अजय दुबे तथा जिला संघ चालक गोकुल गोयल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: 4TV News
स्थान: बढ़नी, सिद्धार्थनगर, उत्तर प्रदेश
