एटा, उत्तर प्रदेश। एटा जिले के राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के विजयपुर गांव में चोरों ने एक ही रात में चार बंद मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने अलग-अलग बंद पड़े मकानों में घुसकर सोने की अंगूठियां, चेन, ओम, चांदी की पायल, कंदनी और नकदी चोरी कर ली। एक घर में वृद्ध महिला दूसरे मकान में सो रही थीं, जबकि चोर बंद पड़े मकान से कीमती सामान समेटकर फरार हो गए।
एक अन्य मकान में परिवार किसी बीमार रिश्तेदार को देखने गया हुआ था। इस दौरान चोरों ने घर में घुसकर अलमारी खंगाल दी और जेवर व नकदी लेकर फरार हो गए।
चोरों ने दिल्ली में रहने वाले एक परिवार के बंद मकान को भी नहीं छोड़ा। वहां से ड्रम में रखी पानी की मोटर समेत अन्य सामान चोरी कर लिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से जल्द खुलासा करने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
रिपोर्ट: कुनाल सिंह सोलंकी
स्थान: विजयपुर गांव, राजा का रामपुर थाना क्षेत्र, एटा, उत्तर प्रदेश (4TV News)
