बरेली, उत्तर प्रदेश। बरेली के आंवला क्षेत्र में उफनती अरिल नदी में बाइक समेत बह गए तीन दोस्तों में से दो के शव बरामद कर लिए गए हैं। करीब 20 घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद गोताखोरों ने प्रेम और विष्णु स्वरूप के शव नदी से बाहर निकाले। दोनों युवक विशारतगंज के आंबेडकर नगर वार्ड के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं तीसरे युवक की तलाश अभी भी जारी है।
यह हादसा सोमवार शाम करीब 7:30 बजे आंवला-अतरछेड़ी मार्ग पर डरुआपुर गांव के पास हुआ। लगातार बारिश के कारण अरिल नदी उफान पर थी और रपटा पुल के ऊपर करीब डेढ़ से दो फीट पानी तेज बहाव के साथ बह रहा था। इसी दौरान तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर पुल पार करने का प्रयास कर रहे थे। बीच पुल पर तेज बहाव के चलते बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और तीनों युवक नदी में गिर गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने युवकों को पुल पार न करने की सलाह दी थी, लेकिन उन्होंने चेतावनी को नजरअंदाज कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। नदी में गिरने के बाद तीनों ने कुछ देर तक तैरकर बचने की कोशिश की, लेकिन तेज धारा उन्हें बहाकर ले गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। जिलाधिकारी अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर रेस्क्यू अभियान की निगरानी की। रातभर चले अभियान के बाद मंगलवार को नौ गोताखोरों की टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया और करीब 250 मीटर के दायरे में तलाशी अभियान चलाया।
लगातार प्रयास के बाद प्रेम और विष्णु स्वरूप के शव बरामद कर लिए गए। वहीं तीसरे युवक की तलाश अभी भी जारी है। तेज बहाव और बढ़े हुए जलस्तर के कारण रेस्क्यू टीम को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस और बचाव दल नदी के बहाव वाले क्षेत्रों में लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं।
रिपोर्ट: प्रवीन कुमार शर्मा
स्थान: बरेली, उत्तर प्रदेश (4TV News)
