Massive Explosions in Iran’s Isfahan, Bunker Buster Bombs Used
तेहरान:
ईरान के परमाणु शहर इस्फहान में बड़े पैमाने पर हुए धमाकों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हवाई हमलों के बाद शहर में जोरदार विस्फोट हुए, जिससे आसमान में आग के विशाल गोले दिखाई दिए।
बताया जा रहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक वीडियो साझा किया है, जिसमें लगातार कई धमाके होते नजर आ रहे हैं। धमाकों के बाद रात का आसमान नारंगी रोशनी से चमक उठा। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन इसे इस्फहान से जुड़ा बताया जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमले में एक परमाणु केंद्र को निशाना बनाया गया। अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि गोला-बारूद के डिपो पर करीब 2000 पाउंड (लगभग 900 किलोग्राम) वजनी बंकर बस्टर बमों का इस्तेमाल किया गया।
हमले के बाद इलाके में कई तेज धमाके सुनाई दिए और जमीन तक कंपन महसूस किया गया। विस्फोट इतने शक्तिशाली थे कि आग के बड़े-बड़े गोले आसमान में उठते दिखाई दिए। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, जबकि ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल के बीच संघर्ष पहले से जारी है।
क्या होते हैं बंकर बस्टर बम?
बंकर बस्टर बम बेहद शक्तिशाली और विशेष प्रकार के हथियार होते हैं, जिन्हें जमीन के नीचे बने मजबूत ठिकानों को नष्ट करने के लिए तैयार किया जाता है। ये बम पहले लक्ष्य को भेदते हैं और फिर अंदर जाकर विस्फोट करते हैं।
इस श्रेणी में ‘मैसिव ऑर्डनेंस पेनेट्रेटर (MOP)’ जैसे हथियार शामिल हैं, जो करीब 30,000 पाउंड वजनी होते हैं और इन्हें अमेरिकी सेना द्वारा इस्तेमाल किया जाता है। इन्हें आमतौर पर बी-2 बॉम्बर विमान से गिराया जाता है। ये बम जमीन के अंदर गहराई तक जाकर कंक्रीट और मजबूत संरचनाओं को नष्ट करने में सक्षम होते हैं।
