खजुराहो। विश्व पर्यटन नगरी खजुराहो में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पश्चिमी मंदिर समूह स्थित कंदारिया महादेव मंदिर प्रांगण में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर पार्थ जैसवाल, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, एडीएम विनय द्विवेदी, एसडीएम विशा माधवानी, जिला आयुष अधिकारी डॉ. नीरजा तिवारी सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कोलकाता से प्रसारित संबोधन का सीधा प्रसारण भी उपस्थित लोगों को दिखाया और सुनाया गया। इसके बाद प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सामूहिक योगाभ्यास कराया गया।
मुख्य अतिथि राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग स्वस्थ और संतुलित जीवन की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं नियमित योग करते हैं और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कहा कि योग अनेक बीमारियों से बचाव का प्रभावी माध्यम है और नियमित योगाभ्यास से दवाइयों पर निर्भरता भी कम हो सकती है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने और निरोगी जीवन की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शामिल लोगों ने योग के महत्व को समझते हुए नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प लिया। ऐतिहासिक मंदिरों की पृष्ठभूमि में आयोजित इस कार्यक्रम ने योग, संस्कृति और स्वास्थ्य के अनूठे संगम का संदेश दिया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के इस आयोजन ने खजुराहो को एक बार फिर वैश्विक स्तर पर भारतीय संस्कृति और योग परंपरा के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
