योग दिवस पर भारतीय नौसेना का अनोखा प्रदर्शन, समुद्र की गहराइयों में किया अंडरवॉटर योग
नई दिल्ली/विशाखापत्तनम: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय नौसेना ने विशाखापत्तनम स्थित INS सतवाहन में एक अनूठे अंडरवॉटर योग सत्र का आयोजन कर सबका ध्यान आकर्षित किया। इस विशेष कार्यक्रम में नौसेना के 40 कर्मियों ने पानी के भीतर विभिन्न योगासन कर अनुशासन, एकाग्रता, श्वास नियंत्रण और मानसिक दृढ़ता का शानदार प्रदर्शन किया।
भारतीय नौसेना के अनुसार, इस विशेष योग सत्र का संचालन नौसेना के प्रशिक्षित योग विशेषज्ञों द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम का नेतृत्व लेफ्टिनेंट कमांडर आरुष शर्मा ने किया। पानी की सतह के नीचे किए गए योगाभ्यास ने यह दर्शाया कि कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी योग शारीरिक एवं मानसिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
नौसेना ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कार्यक्रम की झलकियां साझा करते हुए लिखा, “मन से शांत, शरीर से मजबूत और सेवा के प्रति समर्पित।” नौसेना ने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग’ को अपनाया गया है, जिसका उद्देश्य एक स्वस्थ, सक्षम और मिशन के लिए तैयार बल का निर्माण करना है।
अंडरवॉटर योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने नियंत्रित श्वास, सजगता और अनुशासित अभ्यास के माध्यम से अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। नौसेना का कहना है कि यह पहल शारीरिक फिटनेस, मानसिक मजबूती, भावनात्मक संतुलन और परिचालन तत्परता को बढ़ावा देने के लिए की गई।
यह अनूठा आयोजन योग की प्राचीन भारतीय परंपरा और नौसेना के चुनौतीपूर्ण कार्यक्षेत्र का अद्भुत संगम साबित हुआ। कार्यक्रम ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के संदेश ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ को भी मजबूती से आगे बढ़ाया।
