जमशेदपुर। शहर में चेन स्नैचिंग की बढ़ती घटनाओं के बीच सिदगोड़ा थाना क्षेत्र से एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। सूर्य मंदिर के पास मॉर्निंग वॉक पर निकली मां-बेटी को स्कूटी सवार बदमाशों ने निशाना बनाते हुए सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, सुबह के समय मां-बेटी सूर्य मंदिर क्षेत्र में टहल रही थीं। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो बदमाश उनके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर महिला के गले से सोने की चेन छीन ली। घटना इतनी तेजी से हुई कि पीड़ितों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
पीड़ित महिला के अनुसार, बदमाश करीब दो लाख रुपये कीमत की सोने की चेन लेकर फरार हुए हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश कैमरे में कैद होते दिखाई दिए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। शहर में लगातार बढ़ रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्थानीय लोगों ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि दिनदहाड़े इस तरह की वारदातें सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। लोगों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है।
