नेल्लोर: आंध्र प्रदेश के नेल्लोर स्थित बारा शहीद दरगाह में आयोजित रोट्टेला पंडुगा के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए विशाल अन्नदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस सेवा कार्य का नेतृत्व सैयद समी हुसैनी ने किया।
इस अवसर पर सैयद समी हुसैनी ने कहा, “भूख का कोई धर्म या जाति नहीं होती। दरगाह में आने वाले हर श्रद्धालु को भोजन कराना हमारा कर्तव्य और सेवा है।” उन्होंने बताया कि दरगाह में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को बिना किसी भेदभाव के प्रेम और सम्मान के साथ भोजन कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बारा शहीद दरगाह सांप्रदायिक सौहार्द, भाईचारे और मानव सेवा का प्रतीक है। यहां हर वर्ष विभिन्न धर्मों के बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और सभी के लिए अन्नदान की व्यवस्था की जाती है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण किया और आयोजन की सराहना की।
इस अवसर पर आंध्र प्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष अब्दुल अज़ीज़ भी मौजूद रहे। उन्होंने अन्नदान सेवा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी सद्भाव, भाईचारे और इंसानियत की भावना को मजबूत करते हैं।
