लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 125 डिप्टी एसपी (डीएसपी) स्तर के अधिकारियों का तबादला किया गया है। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश के तहत अधिकारियों को विभिन्न जिलों, पुलिस कमिश्नरेट, पीएसी, एटीएस, रेलवे पुलिस और अन्य इकाइयों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
तबादला सूची के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के मुताबिक, कमलेश कांत को मुरादाबाद से स्थानांतरित कर सहायक पुलिस आयुक्त, गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट बनाया गया है। वहीं सुनील कुमार सिंह को भदोही से स्थानांतरित कर पुलिस उपाधीक्षक, बिजनौर नियुक्त किया गया है।
इसी तरह अरुण कुमार शुक्ला को गोंडा (विशेष जांच, लखनऊ से संबद्ध) से स्थानांतरित कर पुलिस उपाधीक्षक, कौशाम्बी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी विस्तृत सूची में अन्य डीएसपी स्तर के अधिकारियों के तबादले भी शामिल हैं। यह प्रशासनिक फेरबदल कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा विभागीय कार्यों में बेहतर समन्वय के उद्देश्य से किया गया है।
