अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर अयोध्या में वकीलों ने विरोध प्रदर्शन किया। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा, गोपाल राव सहित चार लोगों के खिलाफ थाना राम जन्मभूमि में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्र ने बताया कि पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर ली है और एफआईआर दर्ज करने का आश्वासन दिया है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी।
बार एसोसिएशन के सचिव शैलेंद्र कुमार जायसवाल ने कहा कि संगठन के निर्देश पर अधिवक्ताओं ने थाने पहुंचकर तहरीर सौंपी है। पुलिस ने शिकायत की प्राप्ति रसीद दी है और बताया है कि मामले में विधिक राय लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यदि एफआईआर दर्ज नहीं की जाती है तो बार एसोसिएशन कानून के तहत उपलब्ध सभी विकल्पों का इस्तेमाल करेगा। जरूरत पड़ने पर न्यायालय का भी रुख किया जाएगा।
इससे पहले बार एसोसिएशन हॉल में अधिवक्ताओं की बैठक हुई, जिसमें चढ़ावा चोरी के मामले में गिरफ्तार आठ आरोपियों की पैरवी नहीं करने का भी निर्णय लिया गया। इसके बाद अधिवक्ताओं ने कचहरी गेट से थाना राम जन्मभूमि तक विरोध प्रदर्शन करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर विधिक राय ली जा रही है, जिसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
