ललितपुर। लगातार हो रही बारिश के कारण जिले में नदी-नाले उफान पर हैं। कई स्थानों पर पानी पुलों के ऊपर से बह रहा है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग जान जोखिम में डालकर पुल पार करते नजर आ रहे हैं।
प्रशासन की बार-बार अपील के बावजूद लोग तेज बहाव वाले पुलों से गुजर रहे हैं। ऐसे कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें युवक उफनाते नालों के ऊपर से गुजरते दिखाई दे रहे हैं।
स्थिति नाराहट-महरौनी मार्ग के कुंजन घाट पुल, बानपुर-महरौनी मार्ग और जखौरा क्षेत्र सहित कई स्थानों पर गंभीर बनी हुई है। लगातार बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से पुलों पर पानी बह रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे उफनाते नदी-नालों और जलमग्न पुलों को पार करने का प्रयास न करें तथा सुरक्षित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। प्रशासन का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
रिपोर्ट: अभिषेक दीक्षित, ललितपुर
