सीतापुर। जिले के रेउसा-शिवपुरी मार्ग पर मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में उनका करीब डेढ़ वर्षीय बेटा भी घायल हुआ है।
जानकारी के अनुसार, करसा निवासी 43 वर्षीय वीरेंद्र कुमार अपनी पत्नी नीलम और करीब डेढ़ वर्षीय बेटे के साथ मोटरसाइकिल से दवा लेने रेउसा जा रहे थे। इसी दौरान संग्राम सिंह पेट्रोल पंप के पास एक रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर एंबुलेंस से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रेउसा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने वीरेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल नीलम को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि बच्चे को मामूली चोटें आई हैं और उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर बताई गई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट: नन्द किशोर नाग, सीतापुर
