कुशीनगर। जनपद में मिलादुन्नबी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निकाले गए जुलूसों में बड़ी संख्या में मुस्लिम धर्मगुरुओं, समाजसेवियों, युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों ने भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान अमन, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया गया।
जुलूसों में शामिल अकीदतमंद हाथों में धार्मिक झंडे लेकर पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद ﷺ की शान में नात-ए-पाक और दरूदो-सलाम पढ़ते हुए निर्धारित मार्गों से गुजरे। इस अवसर पर धर्मगुरुओं ने लोगों से पैगंबर हजरत मोहम्मद ﷺ की शिक्षाओं को अपनाने तथा समाज में शांति, प्रेम और आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
जुलूस के मार्गों पर विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं के लिए ठंडे पानी, मीठे चावल और अन्य खाद्य सामग्री की व्यवस्था की। सेवा कार्यों में स्थानीय नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई और वरिष्ठ अधिकारी लगातार जुलूसों की निगरानी करते रहे। प्रशासन की मुस्तैदी के चलते सभी आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए।
मिलादुन्नबी के अवसर पर निकले इन जुलूसों ने एक बार फिर समाज में अमन, भाईचारे, प्रेम और आपसी एकता का संदेश दिया। जिले में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
रिपोर्ट: अहमद हुसैन, कुशीनगर
