Korba Tragedy: Youth Falls from School Building, Loses Life
कोरबा: जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत तरदा गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां स्कूल की ऊपरी मंजिल से गिरने से एक युवक की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार रात करीब 1:00 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान 20 वर्षीय तनिष्क के रूप में हुई है, जो अपने बड़े भाई अविनाश कर्ष के साथ तीन मंजिला स्कूल की छत पर सो रहा था। इसी दौरान वह लगभग 30 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मृतक का भाई अविनाश कर्ष तरदा स्थित हाई सेकेंडरी स्कूल में चौकीदार के रूप में कार्यरत है। हादसे के बाद उसकी रोने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
घटना की सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और युवक को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दोनों भाई देर रात एक शादी कार्यक्रम से लौटे थे और शराब के नशे में स्कूल की छत पर सोने चले गए थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
फिलहाल, जिला अस्पताल चौकी पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
