Kanpur: कानपुर नगर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और लूट के आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले बुद्धा पार्क चौराहे पर एक अधिवक्ता की बुजुर्ग मां को लिफ्ट देने के बहाने आरोपी ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान आरोपी की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी इमरान उर्फ राज, निवासी थाना कोहना क्षेत्र, को घेरने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की और मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए सीएचसी कल्याणपुर भेजा गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बाइक और .315 बोर का अवैध तमंचा बरामद किया है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर डीसीपी, एसीपी समेत कई थानों का पुलिस बल पहुंच गया।
पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट: चंदन सिंह | कानपुर नगर
