उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में हल्दौर थाना पुलिस और एक वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना हल्दौर पुलिस ने सोतखेड़ी तिराहे के पास संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि पुलिस को देखते ही आरोपी ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, पशु कटान में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
