जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में रविवार सुबह वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर टायर फटने से पशु आहार से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक और खलासी बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, ट्रक बिहार के कुल्हाड़िया से पशु आहार लादकर हैदरगढ़ (जगदीशपुर) जा रहा था। जैसे ही ट्रक जलालपुर थाना क्षेत्र के इंजरी गांव के पास पहुंचा, अचानक उसका टायर फट गया। टायर फटने के कारण चालक ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन हाईवे पर पलट गया।
हादसे में ट्रक चालक रामू गुप्ता, निवासी बखरपुर, बहराइच, तथा खलासी श्यामू, निवासी ईसानगर, लखीमपुर खीरी, सुरक्षित बच गए। दोनों को मामूली चोटें आईं और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद चालक ने ट्रक मालिक को हादसे की सूचना दे दी। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई।
फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मामले की जानकारी जुटाने में लगी है।
स्थान: जौनपुर, उत्तर प्रदेश
