औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बेला थाना क्षेत्र के दलपपुर गांव स्थित वन विभाग के क्षेत्र में करीब पांच फीट गहरे गड्ढे से महिला का शव बरामद किया गया। पुलिस ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से शव को बाहर निकलवाया।
जानकारी के अनुसार, रविवार को गांव के कुछ लोग जंगल में बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान उन्हें गड्ढे में संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। पास जाकर देखने पर महिला का शव होने की आशंका हुई, जिसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बेला थाना प्रभारी अमर बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव गहरे गड्ढे में दबा होने के कारण उसे निकालने में काफी कठिनाई हुई। पुलिस ने जेसीबी की सहायता से खुदाई कर करीब दो घंटे बाद शव को बाहर निकाला।
घटना की सूचना पर फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। वन विभाग के अधिकारियों और क्षेत्रीय लेखपाल ने भी मौके का निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: शादाब अहमद
स्थान: औरैया, उत्तर प्रदेश
