उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में आवास विकास क्षेत्र के पास स्थित IDBI बैंक में सोमवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बैंक के अंदर रखे एक फ्रिज में अज्ञात कारणों से आग लगी, जिसकी चपेट में आने से प्लाई समेत कुछ अन्य सामान जल गया।
आग लगने के बाद पूरे बैंक परिसर में धुआं भर गया, जिससे कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
दमकल कर्मी स्मोक एग्जॉस्टर की मदद से बैंक के अंदर भरे धुएं को बाहर निकालने में जुटे रहे, ताकि स्थिति सामान्य की जा सके।
घटनास्थल पर बैंक स्टाफ, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौजूद हैं। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही आग से हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।
रिपोर्ट: आशुतोष अवस्थी
स्थान: औरैया
