फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में हाईटेंशन लाइन में आई खराबी के कारण बड़ा हादसा हो गया। रसूलपुर थाना क्षेत्र के शांतिनगर आशाबाद में अचानक करीब 50 घरों में तेज करंट दौड़ गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक ही परिवार के चार बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि कई घरों में बिजली के उपकरण जलकर नष्ट हो गए।
जानकारी के अनुसार, रिहायशी मकानों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में अचानक तकनीकी खराबी आने से बिजली का तेज करंट घरों तक पहुंच गया। इसके चलते कई घरों के बिजली मीटरों में धमाके के साथ आग लग गई और लोगों में दहशत फैल गई।
हादसे में संजना, नीतू, राजन और ऋषभ नाम के चार बच्चे करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। सभी को तत्काल सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना में कई घरों को भारी नुकसान भी हुआ। करंट और आग की वजह से टीवी, पंखे, बिजली के मीटर समेत कई घरेलू उपकरण जल गए। स्थानीय निवासी महेश के मकान का बिजली मीटर पूरी तरह जल गया, जबकि मकान का लैंटर भी क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन करते हुए दो दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल बिजली विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
रिपोर्ट: मो. तलहा
स्थान: फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश
