तेहरान: ईरान में पूर्व सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यक्रम जारी हैं। शुक्रवार को तेहरान के ग्रैंड मोसल्ला में उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि समारोह के दौरान ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर गालिबाफ और विदेश मंत्री अब्बास अराघची भी पहुंचे। इस दौरान दोनों नेता भावुक नजर आए। सामने आए वीडियो में गालिबाफ दुआ पढ़ते हुए रोते दिखाई दिए, जबकि अराघची की आंखों में भी आंसू देखे गए।
बताया जा रहा है कि अमेरिका और इजरायल के हमले में अली खामेनेई की मौत हुई थी। इस हमले में उनके परिवार के कई सदस्य भी मारे गए, जिनमें उनकी 8 वर्षीय पोती भी शामिल बताई जा रही है। उसका पार्थिव शरीर भी श्रद्धांजलि के लिए रखा गया।
अंतिम संस्कार कार्यक्रम कई चरणों में आयोजित किया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार शनिवार को भी ग्रैंड मोसल्ला में लोगों के अंतिम दर्शन की व्यवस्था रहेगी। समारोह को देखते हुए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
ईरान के सरकारी सूत्रों के अनुसार, अंतिम संस्कार कार्यक्रम में देश के शीर्ष नेता, विदेशी प्रतिनिधिमंडल और विभिन्न देशों के गणमान्य लोग शामिल हुए। भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने भी समारोह में पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
