हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में आजाद समाज पार्टी (आसपा) के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मुद्दों को लेकर जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने गोंडा के चर्चित विनोद साहनी हत्याकांड सहित प्रदेश में हुई अन्य हत्या की घटनाओं में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी उठाई।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहे आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हुए कथित पथराव की घटना की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा लखनऊ के इको गार्डेन में धरने पर बैठे पंचायत सहायकों की समस्याओं का समाधान, 68,500 शिक्षक भर्ती में कथित आरक्षण घोटाले के मामले में पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेशों का तत्काल अनुपालन तथा सहारनपुर और मुरादाबाद की मस्जिदों से जुड़े मामलों की निष्पक्ष समीक्षा कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री नीरज कश्यप ने कहा कि यदि इन मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो आजाद समाज पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी।
रिपोर्टर: अज़हर बेग
स्थान: हमीरपुर
4TV न्यूज़
