जौनपुर। जौनपुर जिले के लाइनबाजार थाना क्षेत्र के तिवारीपुर गांव में 11 सितंबर को हुई विशाल यादव की हत्या के बाद मल्हनी विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक लकी यादव बुधवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
मीडिया से बातचीत में लकी यादव ने कहा कि इस हत्याकांड में जो भी लोग शामिल हैं, उनके खिलाफ निष्पक्ष जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि दोषियों को कड़ी सजा मिल सके।
अपने नाम को मामले से जोड़ने के सवाल पर विधायक ने कहा कि उनके राजनीतिक विरोधी बेवजह उनका नाम उछाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई है और उनके खिलाफ रची गई साजिश अब खत्म हो चुकी है।
इस दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अमित जमेई भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार की आलोचना की और आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
अमित जमेई ने कहा कि यदि वर्ष 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने अन्य विभिन्न मुद्दों को लेकर भी राज्य सरकार पर सवाल उठाए।
रिपोर्टर: अखिलेश श्रीवास्तव
स्थान: जौनपुर
4TV न्यूज़
