झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले की गरौठा तहसील में बकरा चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया बकरा, एक देशी तमंचा, कारतूस, चाकू और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर की रात जलालपुरा गांव निवासी रामजीवन के घर के बाहर बंधा काला-सफेद बकरा चोरी हो गया था। घटना के बाद पीड़ित ने गरौठा थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान वाहन चेकिंग के समय मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पुष्पेंद्र उर्फ बलूसे और किशनलाल को चोरी किए गए बकरे के साथ पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने एक आरोपी के पास से 315 बोर का देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस, जबकि दूसरे आरोपी के पास से एक चाकू बरामद किया। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ले ली।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
रिपोर्टर: राघवेंद्र सिंह
स्थान: झांसी (गरौठा तहसील)
4TV न्यूज़
