गोरखपुर। जिले के सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक बिजली विभाग के ठेकेदार की बेरहमी से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान शिवकुमार त्रिपाठी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों समेत 10 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
ब्रह्मभोज के दौरान हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम शिवकुमार त्रिपाठी गांव में आयोजित एक ब्रह्मभोज कार्यक्रम में भोजन कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान गांव के ही राहुल चौधरी ने पीछे से धारदार हथियार (बांका) से उन पर हमला कर दिया। हमले में शिवकुमार गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में रोक लिया ऑटो
घटना के बाद ग्रामीण और परिजन घायल शिवकुमार को इलाज के लिए ऑटो से अस्पताल ले जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में राहुल चौधरी अपने भाई रोहित के साथ हथियारों से लैस होकर पहुंचा और ऑटो को जबरन रुकवा लिया।
बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों ने घायल शिवकुमार को ऑटो से बाहर खींच लिया और करीब 200 मीटर दूर ले जाकर उन पर तलवार से कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब एक वर्ष पहले आरोपियों के चचेरे भाई की हत्या हुई थी, जिसका बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया।
10 लोग हिरासत में, जांच जारी
पुलिस ने मामले में तीन नामजद आरोपियों सहित 10 लोगों को हिरासत में लिया है। सभी से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
