गोरखपुर। सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में बिजली विभाग के ठेकेदार शिव कुमार त्रिपाठी की हत्या के विरोध में सोमवार को अधिवक्ताओं ने मेडिकल कॉलेज गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। मृतक के अधिवक्ता पुत्र के समर्थन में बड़ी संख्या में वकील एकत्र हुए और मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि हत्या जैसे गंभीर मामले में दोषियों के खिलाफ त्वरित और प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके।
डीएम और एसएसपी ने संभाला मोर्चा
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं से वार्ता की और उनकी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्राप्त किया।
अधिकारियों ने अधिवक्ताओं को भरोसा दिलाया कि मामले में निष्पक्ष जांच करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा उनकी मांगों पर जल्द प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
आश्वासन के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन
प्रशासन के आश्वासन के बाद अधिवक्ताओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया और सड़क पर लगा जाम भी खोल दिया। हालांकि, अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
गौरतलब है कि सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में बिजली विभाग के ठेकेदार शिव कुमार त्रिपाठी की हत्या के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।
