एटा: चरवाहे से मारपीट मामले में SSP का एक्शन, दो पुलिसकर्मी निलंबित
एटा। एटा जिले के रिजोर थाना क्षेत्र में एक चरवाहे के साथ कथित मारपीट और अभद्रता के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी. ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई के लिए फिरोजाबाद पुलिस को पत्र भेजा गया है।
आरोप है कि तीनों पुलिसकर्मी कथित रूप से शराब के नशे में थे। उन्होंने चरवाहे महेश के साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी।
मामला सामने आने के बाद एसएसपी डॉ. इलामारन जी. ने सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच के बाद दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया, जबकि तीसरे पुलिसकर्मी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के लिए फिरोजाबाद पुलिस को पत्राचार किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
