कानपुर नगर, उत्तर प्रदेश। कानपुर नगर के साढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ग्राम हिरनी, ब्लॉक पतारा में एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे एक ही परिवार के पांच सदस्य मलबे में दब गए। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 6 सितंबर 2026 को हुई। सूचना मिलते ही थाना साढ़ पुलिस और अग्निशमन विभाग की रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची। बचाव कार्य के लिए तीन फायर टेंडर, आवश्यक रेस्क्यू उपकरण तथा एक मोबाइल डिजास्टर रिस्पॉन्स वाहन (MDRV) घटनास्थल पर भेजा गया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान मलबे में दबे मुकेश कुमार (45 वर्ष), उनकी पुत्रियां काजल (20 वर्ष), माया (17 वर्ष), नीतू (7 वर्ष) और पल्लवी (5 वर्ष) को बाहर निकालकर तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने मुकेश कुमार, माया, नीतू और पल्लवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल काजल (20 वर्ष) को बेहतर उपचार के लिए हैलट अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद पुलिस और राहत-बचाव दल ने मौके पर अभियान पूरा कर लिया है। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
रिपोर्ट: चंदन सिंह
स्थान: कानपुर नगर, उत्तर प्रदेश (4TV News)
