बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश। बुलंदशहर जिले के गुलावठी स्थित नई अनाज मंडी परिसर में रविवार को एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मंडी में तैनात सुरक्षाकर्मी और गुलावठी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान पप्पू (करीब 55 वर्ष) निवासी शेखूका-नंगला, खुर्जा के रूप में हुई है। उनका शव नई अनाज मंडी में स्थित शिव मंदिर के पास सड़क किनारे पड़ा मिला।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मृतक की जेब से गुटखे के कुछ पाउच मिले हैं। हालांकि, मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
जानकारी के अनुसार, मृतक की बहन गुलावठी क्षेत्र के खुशहालपुर गांव में रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक काफी कमजोर और अस्वस्थ दिखाई दे रहा था। फिलहाल यह भी जांच का विषय है कि वह नई अनाज मंडी तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई।
गुलावठी कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट: 4TV News
स्थान: बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश
