सीतापुर, उत्तर प्रदेश। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता ने रविवार को सीतापुर जिले के बिसवां स्थित एक निजी होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश सरकार पर महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर तीखा हमला बोला। कार्यक्रम की शुरुआत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के विरोध का प्रतीकात्मक प्रदर्शन करते हुए उन्हें प्याज की मालाएं पहनाकर स्वागत किया।
पत्रकारों से बातचीत में प्रियंका गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। साथ ही मंदिरों के दानपात्रों में चोरी की घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
कांग्रेस प्रवक्ता ने बिसवां क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ओवरब्रिज निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार, राजकीय महाविद्यालय की आवश्यकता, उच्च स्तरीय स्वास्थ्य केंद्र की कमी और नगर में लगातार लगने वाले जाम जैसी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। उन्होंने सरकार से इन मुद्दों पर गंभीरता से ध्यान देते हुए शीघ्र समाधान करने की मांग की।
इस अवसर पर नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमर मेहरोत्रा, पूर्व अध्यक्ष रमेश चंद्र गौड़, रजनीश मिश्रा, सुबी खान, अब्दुल करीम अंसारी, बकरीद खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नोट: यह समाचार कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता द्वारा पत्रकार वार्ता में दिए गए बयानों और आरोपों पर आधारित है।
रिपोर्ट: आजाद अंसारी
स्थान: सीतापुर, उत्तर प्रदेश (4TV News)
