गाजियाबाद में फूड सप्लीमेंट और न्यूट्रास्यूटिकल्स के नाम पर किए जा रहे कथित भ्रामक दावों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने जिले के कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर जांच अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने छह नमूने जांच के लिए एकत्र किए, जबकि करीब 3,121 किलोग्राम फूड सप्लीमेंट और अन्य सामग्री जब्त की गई। जब्त किए गए माल की अनुमानित कीमत 27.44 लाख रुपये बताई गई है।
विभाग के अनुसार, मोदीनगर के मोदी स्टील कंपाउंड स्थित एक खाद्य विनिर्माण इकाई से 3,117 किलोग्राम फूड सप्लीमेंट जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 27.24 लाख रुपये आंकी गई है। अधिकारियों का कहना है कि उत्पादों पर “Wholesome Daily Nutrient for Adult” जैसे भ्रामक दावे किए गए थे।
इसके अलावा, अन्य प्रतिष्ठानों से मैग्नीशियम ग्लाइसीनेट समेत विभिन्न उत्पादों के नमूने भी लिए गए हैं।
खाद्य विभाग ने सभी नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
