गाजियाबाद के मुरादनगर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है… जहां एक सड़क हादसे में महिला की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने रावली रोड जीतपुर पर शव रखकर जमकर हंगामा किया।
करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक सड़क पर महिला का शव रखकर लोग कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन करते रहे, जिसके चलते मौके पर तनावपूर्ण हालात बना रहा
दरअसल, 19 सितंबर की शाम करीब 6 बजे रावली रोड पर सामान लेने जा रही शालिनी नाम की महिला को बोलेरो पिकअप वाहन ने कथित तौर पर टक्कर मार दी थी। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद महिला को वाहन कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया और चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया।
गंभीर हालत में शालिनी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। रविवार को जीतपुर रावली रोड पर शव रखकर लोगों ने जमकर हंगामा किया। प्रदर्शन कर रहे लोग वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ रावली रोड पर शनिवार को लगने वाले साप्ताहिक पैठ बाजार के दौरान होने वाली यातायात अव्यवस्था को लेकर भी सवाल उठा रहे थे।
हंगामे की सूचना मिलते ही एसीपी मसूरी सुनील कुमार भारद्वाज और थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों और परिजनों को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे से ज्यादा चले हंगामे के बाद पुलिस के समझाने पर महिला के शव को सड़क से हटाया गया।
वहीं मृतका के पति कपिल कुमार ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर कथित तौर पर हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई और वाहन की बरामदगी की मांग की है।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि रावली रोड पर लगने वाले साप्ताहिक पैठ बाजार के दौरान सड़क पर जाम और अव्यवस्था की स्थिति बनी रहती है, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों और हादसे की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
