उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में अंतरराज्यीय शराब तस्करी से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र की रजखड़ घाटी में चावल की बोरियों और भूसी के बीच छिपाकर ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही दुद्धी पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक की तलाशी ली। जांच के दौरान चावल की बोरियों और भूसी के नीचे बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद हुईं। इनमें आईबी (IB), रॉयल स्टैग (Royal Stag) समेत कई ब्रांड की क्वार्टर, हाफ और फुल बोतलें शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, बरामद शराब पंजाब में निर्मित है और इसे उत्तर प्रदेश एवं झारखंड के रास्ते बिहार ले जाया जा रहा था। ट्रक पलटने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शराब को कब्जे में लिया और ट्रक को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
फिलहाल पुलिस बरामद शराब की गिनती और मूल्यांकन कर रही है। साथ ही फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है और पूरे मामले की जांच जारी है।
गौरतलब है कि रजखड़ घाटी में इससे पहले भी शराब से लदा ट्रक पलटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में इस मार्ग का इस्तेमाल कथित तौर पर अंतरराज्यीय शराब तस्करी के लिए किए जाने की आशंका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
