फतेहपुर। कानपुर के मालवीय नगर निवासी कारोबारी प्रतीक मालवीय ने भारतीय जनता पार्टी की जिला उपाध्यक्ष रेखा मिश्रा के पति एवं भाजपा नेता अवधेश मिश्रा सहित उनके परिवार के अन्य सदस्यों पर ईंट भट्ठे और जमीन के कारोबार में साझेदारी दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित ठगी का आरोप लगाया है। कारोबारी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्रतीक मालवीय का आरोप है कि अवधेश मिश्रा ने स्वयं को प्रभावशाली कारोबारी और भाजपा नेता बताते हुए ईंट भट्ठे के कारोबार तथा जमीन की खरीद-फरोख्त में साझेदारी का प्रस्ताव दिया था। इस संबंध में दोनों पक्षों के बीच एग्रीमेंट भी हुआ था।
कारोबारी के अनुसार, कारोबार में निवेश के नाम पर अवधेश मिश्रा, उनकी पत्नी रेखा मिश्रा, बेटी सौम्या मिश्रा सहित परिवार के अन्य सदस्यों के खातों में नगद और ऑनलाइन माध्यम से बड़ी रकम ट्रांसफर की गई। उनका दावा है कि 96.97 लाख रुपये, 61.60 लाख रुपये ऑनलाइन दिए गए, जबकि ईंट भट्ठे के संचालन के लिए अलग-अलग खातों में करीब 75 लाख रुपये भी भेजे गए।
प्रतीक मालवीय का आरोप है कि एग्रीमेंट की शर्तों के बावजूद अवधेश मिश्रा ने किसी अन्य व्यक्ति को भी कारोबार में साझेदार बना लिया। विरोध करने पर उनके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई।
कारोबारी ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित लोगों ने कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से अवैध संपत्ति अर्जित की है तथा अन्य लोगों के साथ भी इसी प्रकार की धोखाधड़ी की गई है। उन्होंने दावा किया कि आरोपितों के खिलाफ फतेहपुर और कानपुर में पहले से भी कुछ मामले दर्ज हैं।
पीड़ित कारोबारी ने सरकार और जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है।
नोट: यह समाचार शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपित पक्ष का आधिकारिक बयान या प्रतिक्रिया समाचार लिखे जाने तक सामने नहीं आई है। मामले की सत्यता का अंतिम निर्धारण जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगा।
