अम्बेडकरनगर। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अम्बेडकरनगर पुलिस ने नई पहल की है। पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह ने पुलिस कार्यालय परिसर से दो इंटरसेप्टर बाइकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बाइकों के जरिए प्रमुख सड़कों और हाईवे पर यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस के अनुसार, इंटरसेप्टर बाइक की मदद से ओवरस्पीडिंग, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने, खतरनाक ड्राइविंग और अन्य गंभीर यातायात उल्लंघनों पर तकनीकी माध्यम से नजर रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
इस पहल का उद्देश्य यातायात प्रवर्तन व्यवस्था को अधिक गतिशील और प्रभावी बनाना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़े।
कार्यक्रम के दौरान यातायात क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। वहीं यातायात निरीक्षक (TSI) जय बहादुर यादव ने भी पुष्पगुच्छ देकर उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इंटरसेप्टर बाइकों का अधिकतम उपयोग सड़क सुरक्षा को मजबूत करने, यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने और सड़क हादसों में कमी लाने के उद्देश्य से किया जाए।
