झांसी। झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष के भतीजे को गोली मार दी। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल युवक को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, प्रशांत गुप्ता उर्फ मोनू पनिहारी अपनी आढ़त की दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोककर गोली मार दी। गोली युवक की कमर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सीपरी बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने घायल प्रशांत गुप्ता को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल गोलीकांड का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
