एटा। एटा जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां गिरौरा गांव के पास एक तेज रफ्तार किआ कार ने पीछे से अल्टो कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सात लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, अल्टो कार में सवार लोग सहावर से आगरा दवा लेने जा रहे थे। इसी दौरान गिरौरा गांव के समीप पीछे से आ रही तेज रफ्तार किआ कार ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में कुल सात लोग घायल हुए हैं। इनमें मैना और फूलबानो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य घायलों को भी चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एटा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
