सीतापुर। जिले के कस्बा तंबौर स्थित केपीएस महाविद्यालय में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति के संदेश के साथ भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ लहरपुर के पूर्व भाजपा विधायक सुनील वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया।
तिरंगा यात्रा में भाजपा जिला उपाध्यक्ष जयकुमार वर्मा, बेहटा मंडल अध्यक्ष अमित सिंह, तंबौर थानाध्यक्ष बृजेश कुमार राय सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
हाथों में तिरंगा लेकर निकले प्रतिभागियों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और अन्य देशभक्ति के नारों के साथ पूरे क्षेत्र में राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। यात्रा के दौरान मार्ग तिरंगों से सजा नजर आया और पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिक चंद्रभान सिंह को उनके देश सेवा में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं और आमजन में राष्ट्रप्रेम, एकता, सामाजिक सौहार्द और देश के प्रति कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करना है। तिरंगा यात्रा का समापन देशभक्ति के संकल्प और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ हुआ।
