फतेहपुर। प्रयागराज जाते समय अतीक अहमद के बेटे अली के काफिले में शामिल वाहनों के खिलाफ फतेहपुर जिले के दो अलग-अलग टोल प्लाजा पर एफआईआर दर्ज की गई है। काफिला अली के भाई अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए प्रयागराज जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित बड़ौरी टोल प्लाजा पर काफिले में शामिल 10 वाहनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं खागा कोतवाली क्षेत्र के कटोघन टोल प्लाजा पर 11 वाहनों के विरुद्ध अलग मुकदमा दर्ज कराया गया है।
टोल प्रबंधन की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप है कि काफिले में शामिल कुछ लोगों ने टोलकर्मियों के साथ गाली-गलौज की, बिना टोल दिए वाहनों को निकालने का प्रयास किया और विरोध करने पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की।
बड़ौरी टोल प्लाजा के मैनेजर तथा कटोघन टोल प्लाजा के सहायक मैनेजर की तहरीर पर संबंधित थानों में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बताया जा रहा है कि अली पैरोल पर झांसी जेल से प्रयागराज जा रहा था और उसी दौरान यह घटनाक्रम सामने आया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
