एटा/मथुरा (उत्तर प्रदेश): मथुरा में तैनात एटा निवासी उपनिरीक्षक (दरोगा) पंकज कुमार की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शुक्रवार सुबह उनका शव एटा स्थित पैतृक गांव पहुंचा, जहां पुलिस सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
पुलिस के अनुसार, दरोगा पंकज कुमार का शव गोकुल बैराज के पास यमुना किनारे वर्दी में मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उनकी मौत सर्विस पिस्टल से गोली लगने के कारण हुई। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
जानकारी के मुताबिक, पंकज कुमार ने गुरुवार को ही अपनी सर्विस पिस्टल जारी कराई थी। वह मथुरा पुलिस में एसपी ट्रैफिक के पेशकार के पद पर तैनात थे और मूल रूप से एटा जिले के भोजपुर गांव के निवासी थे।
पंकज कुमार की पत्नी दीप्ति भी उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही हैं और वर्तमान में सदर थाने में तैनात हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात भी सामने आई है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
शुक्रवार सुबह जब दरोगा का शव उनके पैतृक गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। पुलिस ने उन्हें अंतिम विदाई देते हुए गार्ड ऑफ ऑनर और सलामी दी। इसके बाद पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर: कुनाल सिंह सोलंकी
स्थान: एटा, उत्तर प्रदेश
